
बेंगलुरु. गैंगस्टर रवि पुजारी को प्रत्यर्पित कर भारत लाया जा चुका है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात बेंगलुरु पुलिस के अफसर उसे अफ्रीकी देश सेनेगल से यहां लाए। पुजारी पर भारत में हत्या और जबरन वसूली के करीब 200 मामले दर्ज हैं। सोमवार दोपहर पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगेगी। पुलिस के एक अफसर के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में रवि ने पुलिस को सहयोग दिया है।
पिछले साल किया था भारत को सौंपने का अनुरोध
पुजारी कुछ साल पहले तक अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन का सहयोगी रहा। राजन का साथ छोड़ने के बाद उसने अपना गैंग बना लिया। उस पर अलग-अलग कारणों से बॉलीवुड के कई स्टारों को धमकाने का आरोप है। इनमें सलमान और शाहरुख खान के अलावा गायक अरिजीत सिंह भी भी शामिल हैं। भारत ने सेनेगल सरकार से पिछले साल पुजारी को भारत के हवाले करने का अनुरोध किया था। बेंगलुरु पुलिस के एडीजीपी अमर कुमार पांडे और ज्वाइंट सीपी संदीप पाटिल उसे एयर फ्रांस की फ्लाइट से भारत लाए।
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस ने किया था गिरफ्तार
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुजारी को पिछले साल सेनेगल पुलिस ने ड्रग तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। कुछ दिनों बाद उसे जमानत मिल गई। उसने बुर्किना फासो के एक नागरिक एंथनी फर्नांडीज के नाम पर जाली पासपोर्ट बनवाया। इसके बाद वो दक्षिण अफ्रीका भाग गया। यहां एक गांव में रहने लगा। सेनेगल पुलिस ने दक्षिण अफ्रीकी पुलिस से मदद मांगी। एक ज्वॉइंट ऑपरेशन में रवि को गिरफ्तार किया गया। वापस सेनेगल लाया गया।
भारत को बड़ी सफलता
भारत सरकार को जैसे ही पुजारी की गिरफ्तारी की खबर मिली। उसने उसके प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू की। भारतीय दूतावास सक्रिय हुआ। अंतत: सेनेगल सरकार ने पुजारी को भारत के हवाले सौंपने का फैसला किया। 22 फरवरी की रात उसे बेंगलुरु पुलिस के दो आला अफसरों के हवाले किया गया। इसके बाद एयर फ्रांस की फ्लाइट से बेंगलुरु लाया गया। आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस उसके लंबे रिमांड की मांग करेगी।
पूछताछ में सहयोगी रवैया
न्यूज एजेंसी से बातचीत में एक पुलिस अफसर ने कहा, “पुजारी फिजिकली फिट है। औपचारिक पूछताछ हम सोमवार को शुरू करेंगे। पहले उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। फिलहाल, वो जांच में सहयोग कर रहा है और हमारे सवालों का जवाब दे रहा है।”
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /national/news/underworld-don-ravi-pujari-brought-to-india-from-senegal-chhota-rajan-and-dawood-ibrahim-126831464.html
via
No comments:
Post a Comment