Wednesday, February 5, 2020

easysara.wordpress.com

नई दिल्ली. भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजूकहते हैं कि अरविंद केजरीवाल मोहल्ला क्लीनिक का बखान करते हैं,लेकिनसीएम और उनके मंत्रियों के रिश्तेदार विदेश में इलाज कराते हैं। दिल्ली में मतदान के पहले जाजू ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि मोहल्लाक्लीनिक में न दवा मिलती और न डॉक्टर।


आपके हिसाब से अब दिल्ली चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा क्या है?
जाजू : बीते पांच साल में ‘आप’ के नॉन परफॉर्मेंस की वजह से दिल्ली की जनता परेशान और हताश है। वो भाजपा को एक मजबूत विकल्प के तौर पर देख रही है। भाजपा अपने विजन और मोदीजी के नेतृत्व में प्लान पूरा करेगी। दिल्ली की जनता हमारी इस योजना को पसंद कर रही है।

भाजपा पर आरोप है कि उसके पास विकास का मुद्दा नहीं है। इसलिए शाहीन बाग का मुद्दा उछाला जा रहा है।
जाजू : देश में जातिवाद, भाषावाद, प्रांतवाद और भ्रष्टाचार खत्म करके हमने विकास की राजनीति शुरू की। दिल्ली में भी हमारा यही नारा है- देश बदला, दिल्ली बदलेंगे।

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर और प्रवेश वर्मा के रेप और गोली वाली बातों का क्या आप समर्थन करते हैं?
जाजू : किसी का समर्थन और विरोध अलग बात है।इस देश में रहते हुए कोई इसे तोड़ने की बात करेगा,टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करेगा,शाहीन बाग के साथ खड़ा होगा,तो जनता उसको उसी भाषा में जवाब देती है। जनता को कोई रोक नहीं सकता। सिर्फ वोट बैंक के लिए किसी को गलत कदम नहीं उठाना चहिए।

आपने मोहल्ला क्लीनिक पर सवाल उठाते हुए केजरीवाल के रिश्तेदारों के विदेश में इलाज का दावा किया है?
जाजू : हमारे पास आरटीआई के तहत पूरा डॉक्युमेंटेशन है। मुख्यमंत्री और उनके सहयोगी मंत्री के परिवार के लोग इलाज कराने विदेश गए। 50 लाख रुपए खर्च हुए। ये खर्च दिल्ली सरकार ने उठाया। लोगों के लिए तो मोहल्ला क्लीनिक है। जहां न दवा मिलती और न डॉक्टर। दूसरी तरफ, आप इलाज कराने विदेश जा रहे हैं? मोदीजी की अटल आयुष्मान योजना दिल्ली में क्यों लागू नहीं की गई। इन्हें इसका जवाब जनता को देना पड़ेगा।

भाजपा सत्ता में आई तो मुफ्त योजनाओं को जारी रखा जाएगा या नहीं?
जाजू : किसी भी लोक कल्याणकारी सरकार को गरीब तबके को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं देनी चाहिए। बीपीएल को आगे बढ़ाने के लिए जो योजनाएं लागू हो सकती हैं। उन्हें करना चाहिए। सरकार एक कंटीन्युअस प्रॉसेस है। योजनाएं किसी एक पार्टी की नहीं, सरकार की होती हैं। ऐसी सभी योजनाएं जारी रहेंगी।

भाजपा ने सीएम फेस नहीं दिया। मोदीजी के चेहरे पर चुनाव लड़ा जा रहा है। क्या दिल्ली में भाजपा के पास लोकप्रिय चेहरा नहीं?
जाजू : हमारे पास चेहरों की कोई कमी नहीं। दिल्ली हमारा पुराना गढ़ है। लोकसभा में सातों सीटें जीतीं। चेहरे नहीं होते तो ये रिजल्ट कैसे आता? यह सिंगल मेन पार्टी भी नहीं है। जैसे, अकेले केजरीवाल कोई निर्णय लें और पूरी पार्टी उनके पीछे भागे। अकेला गांधी परिवार पूरी कांग्रेस चला रहा है। हमारे निर्णय पार्लियामेंट्री बोर्ड करता है। उचित समय पर वो निर्णय करेंगे और जनता को बताएंगे।

भाजपा ने एक भी मुस्लिम प्रत्याशी नहीं उतारा। कोई खास वजह?
जाजू : चुनाव में टिकट उसको दिया जाता है, जिसके जीतने की संभावना ज्यादा होती है। कार्य, कर्मठता और समर्पण के आधार पर टिकटों का वितरण होता है। हो सकता है हमारी इन मैरिट्स पर कोई नहीं उतर पाया होगा। इसलिए टिकट नहीं दिया।

अगर भाजपा सत्ता में आती है तो क्या शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन को बंद करवा दिया जाएगा?
जाजू : लोकतंत्र में अपना मत रखने का अधिकार है। प्रदर्शन करने का भी अधिकार है। लेकिन, लाखों लोगों के लिए परेशानी खड़ी करना सही नहीं। किसी को भी असीमित समय के लिए रास्ता रोकने का लोकतंत्र ने अधिकार नहीं दिया है। कानून अपना काम करेगा। इस तरह कोई रास्ते बंद नहीं कर सकता।

गोलीकांड पर क्या कहेंगे? आरोप हैं कि ये भाजपा करवा रही है?
जाजू : ये उन लोगों का पागलपन है जो भाजपा पर इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उनको शर्म आनी चाहिए। ऐसे लोगों को भाजपा की सोच, नेचर और कैरेक्टर की जानकारी नहीं है। हमारी पार्टी कभी हिंसा का समर्थन नहीं करती।

दिल्ली में भाजपा को लोग वोट किस आधार पर दें?
जाजू : देश में विकास का पर्यायवाची शब्द हैं नरेंद्र मोदी। उनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार खत्म हो रहा है। ऐसे नेता के नेतृत्व में जो सरकारें काम कर रही हैं। लोगों में उनका आकर्षण है।

बेरोजगारी और बिगड़ी अर्थव्यवस्था पर क्या कहेंगे?
जाजू : बेरोजगारी जैसी समस्या एक रात में खत्म नहीं होती। सरकार की पॉलिसी का लॉन्ग टर्म इफेक्ट दिखता है। बीते 50 सालों में ऐसी कोई प्लानिंग नहीं हुई। इस सरकार ने रोजगार केवल सरकारी तंत्र तक सीमित न रखकर लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने का काम किया है। मुद्रा बैंक के जरिए लोन दे रहे हैं। स्किल डेवलपमेंट योजनाएं चल रही हैं। छोटे उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। निश्चित तौर पर बेरोजगारी की समस्या जल्द हल हो जाएगी।

दिल्ली चुनाव में कांग्रेस को रेस में देख रहे हैं?
जाजू : कांग्रेस को देश नकार चुका है।पार्टी कन्फ्यूज है। उनके अच्छे नेता भी अपनी भूमिका नहीं बना पा रहे। पिछली बार भी उन्होंने 'आप' के सामने सरेंडर दिया था।

दिल्ली में आपको कितनी सीटों की उम्मीद है?
जाजू : हम निश्चित तौर पर दिल्ली में सत्ता में आ रहे हैं। वो भी पूर्ण बहुमत के साथ।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Shyam Jaju; BJP Vice President Shyam Jaju Interview To Bhaskar; Speaks On Arvind Kejriwal, Mohalla Clinics Over Over Delhi Vidhan Sabha Chunav 2020


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2UuZA8S
via

No comments:

Post a Comment

easysaran.wordpress.com

from देश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/eB2Wr7f via