
बेंगलुरू. भारतीय वायुसेना के चार पायलटों ने देश के महत्वपूर्ण अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ के लिए रूस में सोमवार से प्रशिक्षण शुरू कर दिया। इसरो अधिकारी ने मंगलवार को बताया, “यह ट्रेनिंग एक वर्ष तक चलेगा। इसमें बायोमेडिकल, फिजिकल प्रैक्टिसेस, सोयूज मैन्ड स्पेसशिप (मॉड्यूल) का अध्ययन आदि शामिल होगा।” चारों पायलटों के नाम और रैंक को सार्वजनिक नहीं किया गया है। इससे पहले, इसरो ने एक हफ्ते तक सभी पायलटों का फिजिकल एक्सरसाइज टेस्ट, लैब इंवेस्टीगेशन्स, रेडियोलॉजिकल टेस्ट्स, क्लीनिकल टेस्ट्स और साइकॉलजी के स्तर पर मूल्यांकन किया था।
सभी पायलटों का प्रशिक्षण यूरी ए. गागरिन स्टेट साइंटिफिक रिसर्च एंड टेस्टिंग कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेंटर में चल रहा है। इसके लिए इसरो के ह्यूमन स्पेसलाइट सेंटर और रूस स्टेट स्पेस कॉर्पोरेशन रोस्कॉस्मोस की ज्वाइंट स्टॉक कंपनी ग्लावकॉस्मोस के बीच 27 जून 2019 में समझौता हुआ था। इस ट्रेनिंग सेंटर का नाम सोवियत यूनियन के पूर्व वायुसेना के पायलट यूरी गागरिन के नाम पर रखा गया है। वह 12 अप्रैल 1961 को अंतरिक्ष जाने वाले पहले इंसान थे जिन्होंने वोस्टोक-1 कैप्सूल के माध्यम से पृथ्वी की कक्षा का चक्कर लगाया था। ग्लावकोस्मॉस ने कहा, “सभी पायलटों को असमान जलवायु और भौगोलिक क्षेत्र में आराम से लैंडिंग कराने को लेकर प्रशिक्षित किया जाएगा।”
इसरो ने ह्यूमनॉइट व्योममित्रा का वीडियो जारी किया था
इससे पहले, इसरो ने 23 जनवरी को गगनयान में भेजी जाने वाली ह्यूमनॉइड व्योममित्रा का वीडियो जारी किया था। इसरो के वैज्ञानिक सैम दयाल ने कहा था कि यह ह्यूमनॉइड मानव की तरह व्यवहार करने का प्रयास करेगी और हमें वापस रिपोर्ट करेगी। हम ऐसा प्रयोग के तौर पर कर रहे हैं। 1984 में राकेश शर्मा रूस के अंतरिक्ष यान में बैठकर अंतरिक्ष गए थे। इस बार भारतीय एस्ट्रोनॉट्स भारत के अंतरिक्ष यान में बैठ कर स्पेस में जाएंगे।इस यान को जीएसएलवी मैक-3 से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।
गगनयान मानव मिशन में 3 क्रू मेंबर होंगे
2022 में इसरो मानव मिशन गगन यान लॉन्च करेगा। इसमें 3 क्रू मेंबर शामिल होंगे। इस मिशन में इसरो किसी महिला को नहीं भेज रहा है। ऐसे में मानव मिशन से पहले मानव रहित मिशन के लिए इसरो ने महिला की शक्ल वाला ह्यूमनॉइड तैयार किया है, जिसे व्योममित्रा नाम दिया गया है। इसरो चीफ सिवन ने कहा था कि गगनयान के अंतिम मिशन से पहले दिसंबर 2020 और जुलाई 2021 में अंतरिक्ष में मानव जैसे रोबोट भेजे जाएंगे।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /national/news/gaganyaan-iaf-indian-air-force-pilots-training-latest-news-and-updates-on-russia-moscow-gagarin-research-126726783.html
via
No comments:
Post a Comment