
भोपाल. मध्य प्रदेश में चल रही सियासी उठापटक के बीच सीएम हाउस सत्ता बचाने का केंद्र बना है। गुरुवार को मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सुबह कुछ अफसरों को तलब किया। बाद में डीजीपी विवेक जौहरी भी पहुंचे। सीएम हाउस के बाहर सन्नाटा पसरा है। नेताओं का भी आज आना-जाना नहीं हो रहा है। सभी की निगाह सुप्रीम कोर्ट में फ्लोर टेस्ट को लेकर होने वाली सुनवाई पर है। पार्टी सूत्रों की मानें तो सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद ही मुख्यमंत्री अपने पत्ते खोलेंगे।
सीएम इस पूरे ऑपरेशन की बागडोर खुद संभाले हैं। यहीं वे सारी रणनीति तैयार करते हैं और उसे अंजाम देने के लिए पार्टी के वरिष्ठ को जिम्मेदारी सौंपते हैं। कमलनाथ यहां सुबह सबसे पहले कानूनी विशेषज्ञों से सलाह-मशविरा करते हैं, इसके बाद दिल्ली में नेताओं से फीडबैक लेते हैं। विधायकों को साधने के लिए भी नाथ फॉर्मूले निकाल रहे हैं।
24 घंटे में दूसरी बार कांग्रेस विधायक दल की बैठक
मुख्यमंत्री निवास पर बुधवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कमलनाथ ने विधायकों के साथ ताजा हालात पर मंथन किया। सीएम ने विधायकों से पूछा कि मुझे पता है कि आप घर से दूर रह रहे हैं तकलीफ तो हो रही होगी, इस पर मंत्रियों और विधायकों का जवाब था कि हम एक महीने और भी रुक सकते हैं। बैठक में बेंगलुरु में हुई घटना को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। विधायकों का कहना था कि बेंगलुरु में साथियों को बंधक बनाकर रखा गया है। इसके बावजूद भाजपा फ्लोर टेस्ट की मांग कर रही है।
भाजपा नेता भी जाएंगे बेंगलुरु
बेंगलुरु में हंगामे पर बागी विधायकों के साथ रुके भाजपा नेताओं ने सिंधिया और भाजपा नेताओं से बात की। तय हुआ कि हालात बिगड़ने पर कुछ भाजपा नेता भी बेंगलुरु पहुंचेंगे। बुधवार को बागी विधायकों से नहीं मिल पाने पर दिग्विजय समेत मप्र सरकार के 9 मंत्री सड़क पर धरने पर बैठ गए थे। पुलिस ने सभी नेताओं को हिरासत में लिया था। इसके बाद सिंह ने भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। कमलनाथ ने भोपाल में कहा है कि जरूरत पड़ी तो मैं भी बागी विधायकों से मिलने बेंगलुरू जाऊंगा।
पहले राजभवन में बंधक विधायकों को छुड़वाने की गुहार, फिर भाजपा दफ्तर पर झड़प
सियासी उठापटक के बीच अब कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में आमने-सामने तकरार होने लगी है। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने पहुंचे और यहां दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। इससे पहले कांग्रेस विधायक दो बसों से राजभवन में पहुंचे और राज्यपाल से कहा कि भाजपा ने 16 विधायकों को बंधक बना लिया है, उन्हें छुड़वाया जाए।
सीहोर में भाजपा का टी-20, शर्मा की गेंद पर शिवराज का छक्का
सीहोर के ग्रेसेस रिजॉर्ट में भाजपा विधायकों ने क्रिकेट खेला। यहां शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की गेंद पर छक्का लगाया। अन्य विधायकों ने भी शॉर्ट्स लगाए। बेंगलुरु में भी बागी विधायकों ने मनोरंजन किया। इमरती देवी बैडमिंटन खेलती नजर आईं थीं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
from Dainik Bhaskar /mp/bhopal/news/cm-house-live-latest-today-news-updates-on-mp-govt-political-crisis-127008953.html
via
No comments:
Post a Comment