Friday, April 17, 2020

easysaran.wordpress.com

हरियाणा में लॉकडाउन के दूसरे चरण का तीसरा दिन है। प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 211 पहुंच गई है। वहीं ठीक होने वालों के आंकड़े में भी इजाफा हुआ है। अभी तक 72 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 20 अप्रैल को प्रदेश में गेहूं की खरीद शुरू होगी, इसके साथ-साथ जोन वाइज बांटे गए कुछ इलाकों में लॉकडाउन की छूट भी दी जाएगी। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाना सरकार और पुलिस दोनों के लिए बड़ी चुनौती होगी। इस वजह से बड़े सीएम व मंत्रियों से लेकर आला अधिकारी तक इसकी रणनीति बनाने में जुटे हैं।

हरियाणा में जगह-जगह गेहूं की कटाई हो रही है। किसान फसल को घरों के अंदर ही स्टोर कर रहा है।

95 लाख टन गेहूं खरीदना और सोशल डिस्टेंसिंग बनाकर रखने की चुनौती
हरियाणा सरकार को प्रदेश में करीब 95 लाख टन गेहूं खरीद का रोडमैप तैयार कर लिया है। 20 अप्रैल से प्रदेश के 1887 खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद होगी। किस किसान को किस दिन गेहूं लेकर आना है, यह रोडमैप बना लिया है। पंचायतों को भी जिम्मेदारियां सौंपी हैं। वहीं, किसान अपील के बाद आगे आ रहे हैं और गेहूं को घरों में स्टोर कर रहे हैं। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के सीए डॉ. जे गणेशन ने बताया कि 18 अप्रैल दोपहर बाद से उन किसानों को फोन के जरिए संदेश भेजे जाएंगे, जिनके गेहूं की पहले दिन खरीद होनी है। बताया जाएगा सुबह या दोपहर बाद आना है। मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर करीब 6.7 लाख किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसीएस संजीव कौशल ने कहा कि खरीद केंद्रों पर तैनात अन्य विभागों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कंटेनमेंट क्षेत्रों में फसल की खरीद थोड़े समय बाद होगी।

सरकार दो जोन में उद्योगो को छूट देने की कर रही तैयारी
केंद्र सरकार की ओर से 20 अप्रैल के बाद लॉकडाउन में दी जाने वाली छूट के लिए राज्य सरकार सीनियर अफसरों के साथ लगातार मंथन कर रही है कि कहां क्या छूट दी जाए। माना जा रहा है कि सरकार ने ग्रीन व ऑरेंज के साथ रेड जोन में भी इंडस्ट्री को शुरू करने के लिए हरी झंडी देने का मन बना लिया है। हालांकि कंटेनमेंट और बफर जोन में कोई गतिविधि नहीं शुरू की जाएगी। राज्य में 282 कंटेनमेंट-बफर जोन हैं।


रेड जोन में शामिल गुड़गांव, नूंह, पलवल और फरीदाबाद में ही 214 कंटेनमेंट जोन हैं। सरकार की ओर से रेड जोन में भी इंडस्ट्री शुरू करने के लिए केंद्र को लिखा गया है। राज्य के लिए राहत की बात यह है कि यहां कुछ ही इलाकों में कोरोना पॉजिटिव केस मिल रहे हैं, जबकि ठीक होने वालों का औसत 31% है। तीन जिलों में कोरोना का अब तक कोई केस सामने नहीं आया, जबकि 7 जिले कोरोनामुक्त हो चुके हैं। ऐसे में सरकार केंद्र की गाइड लाइन के अनुसार सभी जिलों को लेकर प्लानिंग कर रही है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ऑरेंज और ग्रीन जोन में इंडस्ट्री को शुरू किया जाएगा। साथ ही रेड जोन के लिए भी केंद्र को लिखा गया है। रेड जोन में शामिल गुड़गांव और फरीदाबाद में ही सबसे ज्यादा इंडस्ट्री हैं। इसलिए रेड जोन में भी कुछ छूट देने की तैयारी में है। राज्य में छूट जिला स्तरीय कमेटियों की सिफारिश पर दी जाएगी।

हरियाणा में 15 अप्रैल से सरसों की खरीद चालू है, सरसों पूरे हरियाणा में खरीद के लिए नहीं आती। जबकि गेहूं की बंपर पैदावार होती है। ऐसे में गेहूं की खरीद सरकार के लिए चुनौती है।

211 पहुंचा हरियाणा में संक्रमित का आंकड़ा
राज्य में कुल संक्रमित का आंकड़ा 211 पहुंच गया। सबसे ज्यादा 56 मरीज नूंह के हैं। गुरुग्राम में 32, फरीदाबाद में 33, पलवल में 31, पंचकूला में 16, अम्बाला में 7, करनाल में 6, पानीपत में 5, सिरसा और सोनीपत में चार-चार, यमुनानगर में 3, कैथल, हिसार, जींद, भिवानी, कुरुक्षेत्र में 2-2 और चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक और फतेहाबाद में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिला है।

हरियाणा में अभी तक 124 जमाती संक्रमित
प्रदेश में मिले कुल संक्रमित में से जमातियों की संख्या 124 हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा संख्या नूंह जिले के हैं। यहां कुल 42 जमाती संक्रमित हैं। इसके अलावा पलवल में 29, फरीदाबाद में 17, गुरुग्राम में 15, अम्बाला में 5, पंचकूला में 6, यमुनागर में तीन, भिवानी में 2, कैथल, जींद, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सोनीपत में एक-एक मरीज संक्रमित मिला है। यह सभी मरकज से लौटे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों व गांवों से पकड़ा गया है।

विदेश और दूसरे राज्यों से आए लोगों की ये है संख्या
हरियाणा में मिले कुल संक्रमित मरीजों में 10 विदेशी और 64 बाहरी राज्यों के हैं। ज्यादातर मरकज से लौटे हैं। इनमें श्रीलंका से 6, नेपाल, थाइलैंड, इंडोनेशिया व साउथ अफ्रीका का एक-एक नागरिक शामिल है। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के 11, हिमाचल प्रदेश के 10, तमिलनाडु के 7, पचिश्म बंगाल के 4, केरल के 5, बिहार के 8, तेलंगाना के 2, आंध्र प्रदेश से 2, महाराष्ट्र के 6, जम्मू के 3, मध्यप्रदेश के 2 और पंजाब, कर्नाटक, चेन्नई, असम का एक-एक नागरिक संक्रमित है।

ठीक होने वालों की जिलेवार ये है स्थिति
हरियाणा में अब कुल 72 मरीज ठीक हो गए हैं। इसमें गुरुग्राम में 17, फरीदाबाद में 13, पलवल में 11, करनाल में 5, पानीपत, सिरसा, नूंह में चार, यमुनानगर में तीन, पंचकूला, भिवानी, अम्बाला में दो-दो मरीज ठीक हुए हैं। इसके अलावा चरखी दादरी, हिसार, जींद, फतेहाबाद, सोनीपत में एक-एक मरीज ठीक हुआ है।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
कोरोनावायरस के चलते हरियाणा में इस बार गेहूं की खरीद देरी से शुरू हो रही है। ऐसे में जो किसान फसल काट चुके हैं, वे अपने घरों में ही स्टोर कर रहे हैं। करनाल के काछवा गांव में एक किसान घर के बरामदे में स्टोर करते हुए।


from Dainik Bhaskar /national/news/coronavirus-haryana-corona-cases-live-covid-19-lockdown-situation-latest-today-news-updates-gurugram-nuh-palwal-karnal-127194737.html
via

No comments:

Post a Comment

easysaran.wordpress.com

from देश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/eB2Wr7f via